Prithvi Shaw Engagement : क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने की आकृति अग्रवाल से सगाई, जानें कौन हैं उनकी मंगेतर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ ने नई जिंदगी शुरू कर दी है। वह लंबे समय से आकृति अग्रवाल को डेट कर रहे थे। अब दोनों ने सगाई भी कर ली है। शॉ ने रविवार 8 मार्च को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर आकृति के साथ सगाई की तस्वीर शेयर की। अभी तीन दिन पहले पृथ्वी और आकृति को एकसाथ अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी में देखा गया था। अब दोनों ने नई जिंदगी की ओर कदम बढ़ाया है।

पृथ्वी शॉ ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ”फील्ड पर छक्के लगाने से जिंदगी भर हिट होने तक। वह मेरी परफेक्ट पारी हैं।” #justengaged… पृथ्वी ने सगाई की तस्वीर शेयर की। इसमें घुटने पर बैठकर वह आकृति को अंगूठी पहना रहे हैं। आकृति ने भी यह तस्वीर अपने इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर की है।

पृथ्वी और अर्जुन अच्छे दोस्त हैं और लगभग साथ-साथ दोनों ने नई पारी की शुरुआत कर दी है। अर्जुन की सगाई पिछले साल अगस्त में हुई थी और 5 मार्च को सानिया चंडोक के साथ वह शादी के बंधन में बंध गए।

कौन हैं आकृति अग्रवाल?

आकृति अग्रवाल के इंस्टाग्राम बायो के मुताबिक वह एक अभिनेत्री हैं। वह एक फैशन इंफ्लुएंसर और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर भी हैं। उनको अपनी इंस्टाग्राम रील्स और शॉर्ट वीडियो के जरिए पॉपुलरिटी मिली थी। उसके बाद वह म्यूजिक वीडियो और टीवी पर भी नजर आईं। आकृति कई ब्रांड केलैबोरेशन का भी हिस्सा रही हैं।

पृथ्वी शॉ लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर

पृथ्वी शॉ ने 2018 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। उसके बाद वह 5 टेस्ट मैच भारत के लिए खेले और 2020 में एडिलेड टेस्ट के बाद से वह बाहर हैं। उनके नाम 9 पारियों में 339 रन दर्ज हैं। वहीं वनडे में उन्होंने 6 पारियों में 189 रन बनाए और 2021 के बाद से टीम इंडिया में उनकी वापसी नहीं हुई है। घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। आईपीएल में भी 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें मात्र 75 लाख के बेस प्राइस में अपने साथ आखिरी में जोड़ा था।

संबंधित समाचार