बाराबंकी : डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति प्रवेश द्वार का ब्लॉक प्रमुख ने किया लोकार्पण, बोले- देवा ब्लॉक बनेगा मॉडल
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। विकास खंड देवा की ग्राम पंचायत सरसौदी में पंद्रहवें वित्त आयोग व पंचम राज्य वित्त आयोग योजना के अंतर्गत निर्मित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति प्रवेश द्वार का लोकार्पण ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह यादव ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम ग्राम प्रधान अयोध्या प्रसाद गौतम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह यादव ने कहा कि ग्राम प्रधान अयोध्या प्रसाद गौतम ने विकास कार्यों के माध्यम से जनपद में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे कार्यों के लिए लोगों को सांसद और विधायक के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन ग्राम प्रधान ने अपने प्रयासों से भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और देवा ब्लॉक को मॉडल ब्लॉक बनाने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
ग्राम प्रधान अयोध्या प्रसाद गौतम ने बताया कि इससे पहले गांव में डॉ. आंबेडकर पार्क की बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया था और वर्ष 2025-26 में पंद्रहवें वित्त आयोग योजना के तहत इस भव्य स्मृति प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम में पंचायत सचिव सपना श्रीवास्तव, एडवोकेट पुष्पराज यादव सहित बड़ी संख्या में प्रधान, बीडीसी सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
