T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में भारत बना विश्व चैंपियन, जाने कितनी मिली प्राइज मनी? ये है अवॉर्ड विनर्स की लिस्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबाद: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त दी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने तीसरी बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। सबसे खास बात यह कि भारत ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता और पहली बार घरेलू धरती पर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

इस शानदार जीत के साथ टीम को ट्रॉफी के अलावा मोटी इनामी राशि भी मिली। आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर (लगभग 120 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड प्राइज पूल घोषित किया था, जो पिछले संस्करण से करीब 20% अधिक है।

विजेता भारत को मिली मोटी कमाई  

खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 27.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि हासिल हुई। यह रकम पहले बीसीसीआई को दी जाती है, जिसके बाद खिलाड़ियों के बीच बोनस, मैच फीस और अन्य इनाम के रूप में वितरित की जाती है।

रनर-अप न्यूजीलैंड का इनाम  

फाइनल हारने के बावजूद न्यूजीलैंड को भी बड़ा पुरस्कार मिला। उप-विजेता के तौर पर उन्हें 1.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 14.65 करोड़ रुपये दिए गए।

सेमीफाइनलिस्ट टीमों की कमाई  

सेमीफाइनल में पहुंचकर हारने वाली इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को प्रत्येक को 7.9 लाख डॉलर (लगभग 7.24 करोड़ रुपये) की राशि मिली।

सुपर-8 में जगह बनाने वाली टीमों को  

सुपर-8 चरण तक पहुंचने वाली जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज को प्रत्येक को 3.8 लाख डॉलर यानी करीब 3.48 करोड़ रुपये का इनाम मिला।

ग्रुप स्टेज से बाहर हुई टीमों को भी मिला पैसा  

आईसीसी ने सभी 20 टीमों को प्रोत्साहन देने के लिए ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को भी पुरस्कार राशि दी। अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, आयरलैंड, इटली, नामीबिया, नेपाल, नीदरलैंड्स, ओमान, स्कॉटलैंड, यूएई और अमेरिका को प्रत्येक को 2.5 लाख डॉलर (लगभग 2.3 करोड़ रुपये) मिले।

संजू सैमसन बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। फाइनल में उन्होंने 46 गेंदों पर 89 रनों की धुआंधार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया।

संबंधित समाचार