KGBV वार्डनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, बालिका सुरक्षा और छात्रावास प्रबंधन पर जोर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सुरक्षित और अनुशासित आवासीय माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़, गाजियाबाद और अयोध्या में वार्डनों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू हो गया। यह कार्यक्रम नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन और भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

 प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में वर्चुअल तौर पर जुड़े शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी रामनिवास ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय वंचित और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग की बेटियों को शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में छात्रावासों में कार्यरत वार्डनों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, क्योंकि वे छात्राओं के लिए सुरक्षित और संवेदनशील वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं। 

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से वार्डनों की नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल और बालिका सुरक्षा से जुड़े विषयों की समझ को और मजबूत किया जाएगा, जिससे विद्यालयों में छात्राओं को बेहतर वातावरण मिल सके। इस दौरान ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सांत्वना मिश्रा और उनकी टीम ने भी प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया। 

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में वार्डनों को बालिका सुरक्षा, बाल संरक्षण, जीवन कौशल, नेतृत्व विकास, परामर्श, मानसिक-सामाजिक सहयोग और छात्रावास प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अलग-अलग बैचों में आयोजित किया जा रहा है। गाजियाबाद और अयोध्या में पहला बैच 9 से 13 मार्च 2026 तक चलेगा। इसके बाद 16 से 20 मार्च, 23 से 27 मार्च और 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक अन्य बैचों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से वार्डन इसमें भाग ले रही हैं। 

संबंधित समाचार