Moradabad: डॉक्टर की कमी तो कहीं सीमित संसाधनों में चिकित्सा व्यवस्था
मुरादाबाद, अमृत विचार। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानने के लिए अमृत विचार की टीम ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को लगने वाले आरोग्य मेले की पड़ताल की। इस दौरान कुछ केंद्रों पर सीमित संसाधनों के बावजूद मरीजों को उपचार किया जाता रहा तो कहीं कहीं डॉक्टरों की स्थाई तैनाती न होने से इलाज प्रभावित हो रहा था।
एलटी न होने से प्रभावित होता है जांच संबंधी कार्य
दोपहर 1:40 बजे: नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बारबालान में डॉक्टर मोनू मरीजों को परामर्श दे रहे थे। इस समय तक 47 मरीज इलाज और परामर्श के लिए केंद्र पर पहुंच चुके थे। आरोग्य मेले में आए मरीज दवाएं ले रहे थे। केंद्र पर फार्मासिस्ट कुलदीप कुमार, स्टाफ नर्स शमशीदा, वार्ड आया ममता और चतुर्थ श्रेणी कर्मी गजेंद्र अपने कार्य में लगे थे।
डॉक्टर मोनू ने बताया कि केंद्र पर स्थायी लैब टेक्निशियन की नियुक्ति नहीं है, जिसके कारण जांच प्रभावित होता है। बताया कि पास के एक अन्य नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लैब टेक्निशियन सप्ताह में केवल सोमवार और शुक्रवार को यहां आकर मरीजों की जांच करते हैं। ऐसे में अन्य दिनों में जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं मिलती जिससे मरीजों को असुविधा होती है। वहीं, फार्मासिस्ट कुलदीप कुमार ने बताया कि केंद्र पर सैनेटरी पैड का स्टॉक भी सीमित रह गया है। वर्तमान में सिर्फ 30 पैकेट बचे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी डिमांड भेजकर नया स्टॉक मंगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
चार साल से डॉक्टर की नियुक्ति नहीं
दोपहर 2:15 बजे:: नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ीखाना में स्थिति अलग रही। केंद्र पर पिछले चार वर्षों से किसी भी डॉक्टर की स्थायी नियुक्ति नहीं हुई है। रविवार को आरोग्य मेले के चलते डॉक्टर केशव राणा मरीजों को देखने के लिए पहुंचे थे। केंद्र पर फार्मासिस्ट संजीव कुमार, लैब टेक्निशियन अरुण कुमार, स्टाफ नर्स संजीव, सपोर्टिंग स्टाफ श्रवण और रजनी मौजूद रहे। आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों की सहायता करते नजर आए। कर्मचारियों ने बताया कि डॉक्टर की स्थायी नियुक्ति न होने से सामान्य दिनों में मरीजों को दूसरे केंद्रों का रुख करना पड़ता है। आरोग्य मेले के दौरान दोनों केंद्रों पर मरीजों की जांच, परामर्श और दवाओं का वितरण किया जा रहा था, लेकिन संसाधनों और स्टाफ की कमी का असर दिखा।
