आगरा में शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से आहत हुआ पीड़ित, SDM गाड़ी के आगे बैठकर किया प्रदर्शन
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार को शिकायत पर सुनवाई न होने से आहत एक दिव्यांग पीड़ित तहसील परिसर में एसडीएम की गाड़ी के आगे बैठ गया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सिकंदरा क्षेत्र के बाईं पुर निवासी किशन बघेल का आरोप है कि उसके पड़ोसी होरीलाल ने भैंस बांधने के लिए उसके दो जर्जर कमरे ले लिए थे। करीब तीन महीने पहले किशन बघेल ने कमरे खाली करने के लिए कहा, लेकिन होरीलाल ने कमरे खाली करने से इनकार कर दिया और उन पर कब्जा कर लिया।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत तहसील में की थी और 25 दिसंबर 2025 से लगातार शिकायतें कर रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उसने विरोध स्वरूप एसडीएम सदर की गाड़ी के आगे बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि विवादित जमीन वर्ष 1987 में किशन बघेल की मां को नसबंदी के एवज में सरकारी पट्टे के रूप में मिली थी। किशन बघेल का आरोप है कि उसी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। काफी देर तक समझाने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने किशन बघेल को एसडीएम की गाड़ी के सामने से हटाया। मामले को लेकर प्रशासन द्वारा जांच की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें :
T20 World Cup Final : आज निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, विद्युत केन्द्र पर अधिशासी अभियंता करेंगे कैंप
