Stock market closed : पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच दूसरे दिन बड़ी गिरावट, 1,353 अंक लुढ़का सेंसेक्स
मुंबई। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स 1,352.74 अंक (1.71 प्रतिशत) टूटकर 77,566.16 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 422.40 अंक यानी 1.73 प्रतिशत लुढ़ककर 24,028.05 अंक पर बंद हुआ। दोनों सूचकांक 10 महीने के निचले स्तर पर हैं। शुरुआती कारोबार में गिरावट ज्यादा रही और सेंसेक्स 2,494 अंक गिर गया था। हालांकि बाद में इसकी गिरावट में कुछ कमी आयी।
पश्चिम एशिया में गत 28 फरवरी से जारी संकट के कारण वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट देखी जा रही है, कच्चे तेल की कीमत 50 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ चुकी है और रुपये पर भारी दबाव है। घरेलू शेयर बाजारों में 26 फरवरी के बाद छह कारोबारी दिवस में यह पांचवीं बड़ी गिरावट है।
इन छह दिनों में सेंसेक्स 4,682.45 अंक (5.69 प्रतिशत) और निफ्टी-50 सूचकांक 1,468.5 अंक (5.76 प्रतिशत) उतर चुका है। मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.81 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.22 प्रतिशत गिर गया।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। ऑटो, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, धातु और रसायन सेक्टरों पर ज्यादा दबाव रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर पांच प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर चार प्रतिशत से ज्यादा टूटे।
भारतीय स्टेट बैंक, इंडिगो, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक में तीन से चार प्रतिशत तक की गिरावट रही। एलएंडटी, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, बीईएल, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर दो से तीन प्रतिशत नीचे उतरे। टाइटन, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, पावरग्रिड, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, टीसीएस, ट्रेंट, एनटीपीसी और इटरनल के शेयर एक प्रतिशत से अधिक गिरे। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर एक फीसदी से अधिक की बढ़त में बंद हुआ। सनफार्मा और इंफोसिस में भी तेजी रही।
