T20 World Cup Final : आज निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, विद्युत केन्द्र पर अधिशासी अभियंता करेंगे कैंप
अयोध्या, अमृत विचार। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान आज रविवार को जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन ने विद्युत विभाग को सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला विद्युत अधिकारी डॉ. रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि सभी अवर अभियंता (जेई) को अपने-अपने उपकेंद्रों पर ही ड्यूटी पर डटे रहने का सख्त निर्देश है।
हर उपकेंद्र पर दो-दो मोबाइल टीम तैनात रहेंगी, जो 24x7 निगरानी और त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करेंगी। विशेष रूप से 33 केवीए दर्शननगर विद्युत उपकेंद्र पर अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) व्यक्तिगत रूप से कैंप करेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल समाधान हो सके। हर विद्युत उप केन्द्र पर लाइनमैन की दो दो टीमें अपने-अपने इलाकों में भ्रमणशील रहेगी।
आपूर्ति बाधित होने पर सूचना पर तत्काल प्रभाव से मरम्मत का कार्य होगा। इसके अलावा आठ ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी स्टैंडबाई में रहेंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबधित क्षेत्र की आपूर्ति 20 से 25 मिनट के अंदर सुनिश्चित की जा सके।
इतना ही नहीं शाम पांच बजे के बाद पीक आवर्स को देखते हुए सभी फीडर सामान्य लोड पर ही संचालित किए जायेंगे। दोपहर 3 बजे के बाद कोई भी अनुरक्षण या रखरखाव कार्य नहीं होगा।
सभी लाइनों पर निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए बैकअप जनरेटर और वैकल्पिक सर्किट की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
