कानपुर : केडीए के प्रवर्तन दल ने अवैध निर्माण के खिलाफ की कार्रवाई
कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब चार बीघा क्षेत्रफल में सीलिंग तथा लगभग 50 बीघा क्षेत्र में नोटिस की कार्रवाई की है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी के विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में सोमवार को यह कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन टीम ने बैरी अकबरपुर क्षेत्र में आराजी संख्या 929 और 930 में हो रहे अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए करीब दो-दो बीघा क्षेत्र में बन रहे होटल और गेस्ट हाउस को सील कर दिया। बताया गया कि निर्माणकर्ताओं को पहले कारण बताओ नोटिस और पुलिस पत्र जारी किए गए थे, इसके बावजूद चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी था। दोनों सील परिसरों को कल्याणपुर थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर रामऔतार, मनोज कुमार, राजकुमार और लाल सिंह समेत पुलिस बल मौजूद रहा। प्रवर्तन टीम ने इसके अलावा सिंहपुर बाजार रोड स्थित गंभीरपुर क्षेत्र में लगभग 50 बीघा भूमि पर की जा रही दो अवैध प्लाटिंग को भी चिन्हित कर नोटिस जारी किया है। इनमें अभिमन्यु, गौरव भदौरिया व अन्य द्वारा करीब 32 बीघा तथा रामलाल व अन्य द्वारा करीब 18 बीघा क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के विकास कार्य किया जा रहा है।
प्राधिकरण ने बताया कि सिंहपुर कछार, गंगपुर चकबदा सहित अन्य गांवों में लगभग 11 बीघा क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए 17 मार्च की तिथि निर्धारित की गई है। पर्याप्त पुलिस बल मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि केवल प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनियों में ही प्लॉट खरीदें, नक्शा और लेआउट की जांच करें तथा प्लॉट खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी अवश्य लें। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
