बहराइच में एसआईआर सुनवाई तीन दिन में पूरी करने के निर्देश
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने के लिए अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में अमित कुमार ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप नो मैपिंग तथा तार्किक विसंगतियों की श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई शीघ्रता से पूरी की जाए।
उन्होंने बताया कि जिन 24 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की सुनवाई 80 प्रतिशत से कम है, उनके साथ विशेष बैठक कर प्रगति की समीक्षा की गई है। जनपद में नियुक्त 74 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की सहायता से तीन दिन के भीतर सुनवाई का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीएम ने अधिकारियों से कहा कि पूर्व से तैनात अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों तथा सुपरवाइजरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नो मैपिंग से संबंधित नोटिसों की सुनवाई तथा तार्किक विसंगतियों से जुड़े मतदाताओं के सत्यापन का कार्य मार्च 2026 के अंत तक पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नियमित रूप से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रुटिरहित तरीके से नोटिसों की सुनवाई और सत्यापन कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।
