UP: ट्रैक्टर चढ़ाकर उतारा था युवक को मौत के घाट, तीन को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं अमृत विचार। दातागंज पुलिस ने ट्रैक्टर चढ़ाकर युवक की हत्या करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आलाकत्ल ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया। तीनों ने मिलकर हत्या करने के उद्देश्य से युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाया था। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद तीनों को पकड़कर जेल भेज दिया।

कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव छछऊ निवासी राजेश कुमार शर्मा पुत्र सुरेश आठ फरवरी की सुबह खेत पर जा रहे थे। गांव निवासी युवक ट्रैक्टर लेकर आया और राजेश के ऊपर चढ़ा दिया था। राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई थी। परिजन सीएचसी पर पहुंचे और हंगामा किया था। 

युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया। कहा कि दो दिन पहले विवाद की वजह से उसने ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच की। बुधवार को आरोपी गांव छछऊ निवासी मोनू पुत्र ओमपाल सिंह, शादाब पुत्र शौकत अली और गोविंद सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह को मय ट्रैक्टर निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे के कैल्याई-छछऊ अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन तीनों ने योजना बनाई थी। जिसके अनुसार हत्या करने के इरादे से राजेश कुमार शर्मा के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।

संबंधित समाचार