UP: रिकवरी करके लौट रहे फील्ड ऑफिसर से 1.40 लाख की लूट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सहसवान/बितरोई, अमृत विचार। कंपनी के सदस्यों से रिकवरी करके लौट रहे फील्ड ऑफिसर से बाइक सवार तीन युवकों ने एक लाख 40 हजार 640 रुपये लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मौका मुआयना किया। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

जिला शाहजहांपुर के थाना परौर क्षेत्र के गांव दहलिया निवासी अभिनय मिश्रा पुत्र मुरलीधर ने मुजरिया पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि वह शिखा अर्बन एंड रुरल इंटरप्राइजेज कंपनी में सहसवान में फील्ड ऑफिसर हैं। 10 मार्च को वह कंपनी के सदस्यों से एक लाख 40 हजार 640 रुपये की रिकवरी करके लौट रहे थे। आखिरी रिकवरी गांव सराय मंसुख से की थी। रात लगभग 8 बजे गांव दरियापुर कोल्हाई होते हुए अपने सहसवान स्थित कार्यालय पर आ रहे थे। 

गांव दरियापुर के खड़ंजा वाले मार्ग पर एक बाइक के पास तीन लोग खड़े मिले। उन्होंने अभिनय मिश्रा को रोक लिया और उनकी जेब से रुपये निकालकर कोल्हाई की ओर भाग गए। किसी से संपर्क न कर सकें इसके लिए उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। उन्होंने अपनी कंपनी के मैनेजर को फोन करके लूट की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज करके मौका मुआयना किया।

संबंधित समाचार