UP: फील्ड ऑफिसर ने मैनेजर से मिलकर बनाया था लूट का षड्यंत्र, दोनों गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं, अमृत विचार। मुजरिया थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर से 1.40 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रुपयों के गबन के इरादे से फील्ड ऑफिसर ने कंपनी के मैनेजर के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा था। रुपयों को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने एक लाख 15 हजार 320 रुपये बरामद किए। आरोपियों को जेल भेजा गया है। 

जिला शाहजहांपुर के थाना परौर क्षेत्र के गांव दहलिया निवासी अभिनय मिश्रा पुत्र मुरलीधर माइक्रो फाइनेंस शिखर अर्बन एंड रूरल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में फील्ड ऑफिसर थे। कंपनी का कार्यालय सहसवान में है। मंगलवार देर शाम उन्होंने डायल 112 पुलिस को सूचना दी कि कंपनी के सदस्यों से रिकवरी के बाद वह वापस कार्यालय लौट रहे थे। रास्ते में गांव दरियापुर के खड़ंजा वाले मार्ग पर बाइक सवार तीन लोगों ने उनके साथ एक लाख 40 हजार 640 रुपये की लूट की और कोल्हाई की ओर भाग गए थे। सीओ और थाना प्रभारी ने मौका मुआयना किया था। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। 

पुलिस की जांच में पता चला कि फील्ड ऑफिसर अभिनय मिश्रा और कंपनी के शाखा प्रबंधक पीलीभीत के थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव नवादा श्यामपुर निवासी विपिन पुत्र भगवान दास ने रिकवरी के रुपये गबन करने के इरादे से फर्जी लूट का षड्यंत्र रचकर पुलिस को सूचना दी थी। रुपयों को पास में ही गमछा में बांधकर छिपा दिया था। जबकि बाकी 25510 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कंपनी के खाते में कराया था। पुलिस ने रुपये बरामद कर लिए। खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी विदेश कुमार शर्मा व सर्विलांस प्रभारी धर्वेंद्र सिंह रहे। एसपी देहात डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने प्रेस वार्ता करके घटना की जानकारी दी।

संबंधित समाचार