उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा : परिवहन निगम के एमडी का क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश, कहा - बसों की होनी चाहिए पर्याप्त व्यवस्था
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को 14 एवं 15 मार्च को आयोजित होने वाली उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए तत्काल व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं।
एमडी ने विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए परिवहन निगम बसों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। यही नहीं बस, बस स्टेशनों पर साफ सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था भी करने के भी निर्देश निगम प्रबंधन को दिए गए हैं। बसों के संचालन की मानीटरिंग के लिए प्रमुख बस अड्डों पर विशेष निगरानी व्यवस्था के लिए 7 नियंत्रण कक्षों को सक्रिय किया जाए।
एमडी ने बताया कि लगभग 88000 परीक्षार्थी प्रदेश के 17 जनपदों से 14 एवं 15 मार्च को लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों तक आयेंगे। ऐसे में प्रमुख बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों तथा परीक्षा केंद्रों से जुड़े प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
अंबेडकर नगर से 11198, औरैया से 5120, अयोध्या से 8122, बाराबंकी से 2797, इटावा से 7030, हरदोई से 1032, जौनपुर से 7450, कानपुर देहात से 7677, कानपुर नगर से 9592, खीरी से 981, प्रतापगढ़ से 8306, प्रयागराज से 233, रायबरेली से 1395 सीतापुर से 905, सुल्तानपुर से 6950, उन्नाव से 1229 एवं वाराणसी से 8303 परीक्षार्थी लखनऊ परीक्षा देने के लिए आने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बसों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी स्थान पर अभ्यर्थियों को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम अभ्यर्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा के दौरान निर्बाध बस संचालन सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें : समाज में नकली संतों का होगा अंत... स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात के बाद बोले अखिलेश यादव
