लखनऊ : लोहिया संस्थान में होगी 150 डॉक्टर और 863 नर्सिंग व अन्य स्टाफ की भर्ती
लखनऊ, अमृत विचार : डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 150 डॉक्टर और 863 नर्सिंग, टेक्नीशियन और अन्य स्टाफ की भर्ती होगी। संस्थान प्रशासन ने भर्ती प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा है। यह जानकारी संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने दी।
संस्थान के प्रशासनिक भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं को विस्तारित करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न राज्यों में चल रही बेहतर चिकित्सा प्रणालियों को संस्थान में लागू किया जा रहा है। कोशिश है कि मरीजों को कम समय में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसी को ध्यान में रखते हुए शहीद पथ स्थित लोहिया संस्थान के दूसरे परिसर में 100 बेड का क्रिटिकल केयर वार्ड भी बनाया जा रहा है। शासन स्तर पर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के नए पद के सृजन पर सहमति बन गई। जल्द ही विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर वार्ड को दिसंबर तक शुरू करने की तैयारी है। इससे वहां भर्ती होने वाले गंभीर मरीजों को मुख्य परिषद में नहीं आना पड़ेगा। यहां एक हजार बेड का नया अस्पातल भी बनेगा। जिसमें सभी ब्रॉड स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे।
इमरजेंसी में बढ़ेंगे 40 बेड
संस्थान के निदेशक प्रो सीएम सिंह ने बताया कि मरीजों के बढ़ते भार को देखते हुए इमरजेंसी में 40 बेड बढ़ाए जा रहे हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों को राहत मिलेगी। शाम के वक्त अलग- अलग तरह के गंभीर मरीजों का भार बढ़ जाता है। इन बेडों के बढ़ने और बेड़ के अनुपात में डॉक्टर व अन्य कर्मियों की तैनाती करने से मरीजों को राहत मिलेगी। इसकी भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : समाज में नकली संतों का होगा अंत... स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात के बाद बोले अखिलेश यादव
