सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक : कुलपति

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

टीआरसी लॉ कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारम्भ

बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख स्थित टीआरसी लॉ कॉलेज में ‘पारम्परिक ज्ञान एवं सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में भारतीय ज्ञान प्रणाली की भूमिका’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डा.) बिजेन्द्र सिंह, प्रो. (डा.) बी.पी. सिंह, डा. जयशंकर प्रसाद पाण्डेय, डा. मंजुल त्रिवेदी, शासी निकाय अध्यक्ष डा. सुजीत चतुर्वेदी तथा प्राचार्य डा. अश्वनी कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

प्राचार्य डा. अश्वनी कुमार गुप्ता ने संगोष्ठी की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए भारतीय ज्ञान परम्परा के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता डा. मंजुल त्रिवेदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में भारतीय ज्ञान परम्परा की प्रासंगिकता बताते हुए समावेशी विकास की अवधारणा पर जोर दिया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. (डा.) बिजेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

डा. जयशंकर प्रसाद पाण्डेय ने भारतीय और पाश्चात्य ज्ञान प्रणालियों की तुलना करते हुए गुरुकुल परम्परा तथा तक्षशिला व नालंदा जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों के योगदान को रेखांकित किया। प्रो. बी.पी. सिंह ने कहा कि शिक्षा मनुष्य में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी का विकास करती है, जो भारतीय ज्ञान परम्परा का मूल आधार है। शासी निकाय अध्यक्ष डा. सुजीत चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

संगोष्ठी के अंतर्गत दो तकनीकी सत्र आयोजित हुए। प्रथम सत्र की अध्यक्षता प्रो. बी.पी. सिंह और डा. शिव बहादुर तिवारी ने की, जिसमें 19 प्रतिभागियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता डा. संजय बरनवाल और डा. आलोक पाण्डेय ने की, जिसमें 10 प्रतिभागियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर परास्नातक विभागाध्यक्ष डा. अविनाश मिश्रा, डा. शिव शरन, डा. दीपमाला श्रीवास्तव, डा. वीर विक्रम सिंह, डा. नवीन कुमार सिंह, डा. इन्द्र दमन तिवारी, डा. मंजय कुमार यादव, डा. अमजद अंसारी, डा. प्रमोद कुमार पाण्डेय, डा. धर्मेन्द्र कुमार, प्रवक्ता अंकित मिश्रा, रोहिणी त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार