World Cup Qualifiers में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने रचा इतिहास! इटली को 1-0 से हराया, अब फाइनल में इंग्लैंड से होगा महामुकाबला

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः हैदराबाद में चल रहे FIH महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर्स में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। सेमीफाइनल में मेजबान भारत ने इटली को कड़े मुकाबले में 1-0 से मात देकर न केवल फाइनल में जगह बनाई, बल्कि आधिकारिक रूप से 2026 विश्व कप (15-30 अगस्त, बेल्जियम-नीदरलैंड्स) के लिए क्वालीफाई भी कर लिया।

मैच का निर्णायक पल आया 40वें मिनट में, जब मिडफील्डर मनीषा चौहान ने पेनल्टी कॉर्नर पर धांसू ड्रैग फ्लिक लगाया। उनका शॉट पहले रशर से टकराया, फिर इटली की डिफेंडर पर डिफ्लेक्ट होकर गोल में चला गया। यह गोल मैच का एकमात्र और विजयी गोल साबित हुआ।

मैच में हुई कांटे की टक्कर

- पहला क्वार्टर दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रहा। भारत ने सर्कल में कई बार घुसपैठ की, लेकिन इटली की मजबूत डिफेंस और गोलकीपर ने कोई मौका नहीं दिया। दोनों तरफ से गोल के अच्छे चांस बने, मगर स्कोर 0-0 रहा।
- दूसरा क्वार्टर में भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। 18वें मिनट में नवनीत कौर का शानदार शॉट इटली की गोलकीपर लुसिया इनेस कारुसो ने रोका। 27वें मिनट में नवनीत का दूसरा प्रयास पोस्ट से दूर चला गया। भारत के हमले तेज रहे, लेकिन गोल नहीं हुआ।
- तीसरा क्वार्टर में इटली ने जोरदार वापसी की कोशिश की। एमीलिया म्युनिटिस ने भारतीय डिफेंस को चुनौती दी, लेकिन गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम ने कमाल की बचत की। इसी क्वार्टर में मनीषा चौहान का गोल आया, जिसने मैच का रुख पलट दिया।
- चौथा क्वार्टर में भारत को दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वे बेकार गए। इटली ने आखिरी मिनटों में बराबरी के लिए पूरा दबाव बनाया, मगर भारतीय डिफेंस अडिग रहा और क्लीन शीट बरकरार रखी।

यह जीत भारतीय महिला हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब टीम का फोकस शनिवार को फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर होगा। घरेलू मैदान पर यह प्रदर्शन फैंस के लिए गर्व का विषय है!

 

संबंधित समाचार