वाराणसी : काशी में गैस सिलेंडर की कमी से माँ अन्नपूर्णा मंदिर का अन्नक्षेत्र प्रभावित, एक रसोई बंद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले हजारों भक्त प्रतिदिन 'काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट' में माता का प्रसाद ग्रहण करते हैं। लेकिन वर्तमान में एलपीजी गैस की भारी किल्लत के चलते मंदिर की एक शाखा की रसोई को बंद करना पड़ा है। प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद शनिवार को माँ अन्नपूर्णा के अन्नक्षेत्र में श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध नहीं हो सका।

अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी ने बताया कि मंदिर के सामने रसोई गैस का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा, "गैस एजेंसी की ओर से वर्तमान में केवल एक-दो सिलेंडर दिए जा रहे थे, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से वह भी बंद कर दिए गए हैं। अब तक मिट्टी के तेल या अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जैसे-तैसे प्रसाद बनाया जा रहा था, लेकिन विवशता में अब अन्नक्षेत्र की एक शाखा को पूर्णतः बंद कर दिया गया है।"

इस अव्यवस्था के कारण बाबा विश्वनाथ और माँ अन्नपूर्णा के दर्शन के पश्चात प्रसाद ग्रहण करने पहुँच रहे हजारों भक्त मायूस होकर लौट रहे हैं। महंत शंकर पूरी ने आगे बताया कि अधिकारियों के फोन आ रहे हैं और शीघ्र ही सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया जा रहा है।

उन्होने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं हुई, तो दूसरी इकाई को भी बंद करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि अन्नपूर्णा की यह रसोई कोरोना काल के भीषण संकट में भी निरंतर चलती रही थी, जो अब गैस की कमी के कारण एक शाखा बंद हो गई है।

संबंधित समाचार