बाराबंकी : समिति पर डीएपी खाद महंगे दाम पर बेचने का आरोप, जांच की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील क्षेत्र की बुढ़वल सहकारी समिति पर किसानों ने डीएपी खाद निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि समिति सचिव कुछ किसानों को खाद उपलब्ध न होने का हवाला देकर वापस कर देते हैं, जबकि अन्य किसानों को अधिक कीमत लेकर डीएपी खाद दी जा रही है।

इससे किसानों में नाराजगी व्याप्त है। इन दिनों क्षेत्र में गन्ना, मेंथा समेत अन्य फसलों की बुवाई का समय चल रहा है, जिसके कारण किसानों को डीएपी खाद की अत्यधिक आवश्यकता है। किसानों का कहना है कि बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में खाद की उपलब्धता और वितरण बेहद जरूरी है, लेकिन सहकारी समिति पर अनियमितता बरते जाने के आरोप लग रहे हैं।

किसान राहुल और रिंकू ने बताया कि जब वे डीएपी खाद लेने के लिए बुढ़वल सहकारी समिति पहुंचे तो सचिव ने यह कहकर मना कर दिया कि केंद्र पर डीएपी उपलब्ध नहीं है, जबकि उसी समय कुछ अन्य किसानों को खाद दी जा रही थी। आरोप है कि मध्यम वर्ग के किसानों को खाद तो दी जा रही है, लेकिन उनसे निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा वसूला जा रहा है।

किसानों का कहना है कि डीएपी खाद का निर्धारित मूल्य करीब 1350 रुपये प्रति बोरी है, लेकिन उनसे 1400 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जिससे छोटे और मध्यम किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। किसानों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में एडीओ सहकारिता खुशबू राय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। यदि किसानों से डीएपी खाद के नाम पर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा वसूले जाने की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार