Moradabad: वायु प्रदूषण बढ़ा तो खुली हवा में सांस लेना मुश्किल
मुरादाबाद, अमृत विचार। क्लीन एंड ग्रीन मुरादाबाद की संकल्पना को वायु प्रदूषण मुंह चिढ़ा रहा है। इन दिनों वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) स्तर लगातार बढ़ रहा है। इसमें वाहनों से निकलने वाला धुआं के अलावा सड़कों पर उड़ती धूल और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाली हानिकारक गैस कारक बन रही है। प्रभावी नियंत्रण का उपाय न होने से वायु प्रदूषण के अनहेल्दी श्रेणी में पहुंचने से लोगों को खुली हवा में सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
वायु प्रदूषण बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। एलर्जी, दमा व सांस संबंधित मरीजों को वायु प्रदूषण बढ़ने से और परेशानी बढ़ रही है। खुली हवा में सांस लेने के लिए मार्निंग वॉक करने वाले भी वायु प्रदूषण का शिकार हो रहे हैं। क्योंकि उस समय वातावरण में नमी होने के चलते दिक्कत होने से उन्हें मास्क लगाना पड़ रहा है। वहीं दिन में वाहनों का धुआं लोगों की सांसों में जहर घोल रहा है। नगर निगम की ओर से वायु प्रदूषण नियंत्रित करने का उपाय भी प्रभावी साबित नहीं हो रहा है। वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव व मैकेनिकल रोड क्लीनिंग भी प्रदूषण का स्तर कम नहीं कर पा रहा है। होलिका दहन से निकला धुआं अभी भी वातावरण में व्याप्त होने की बात कही जा रही है।
महानगर के मोहल्लों में वायु गुणवत्ता सूचकांक की स्थिति
मोहल्ले वायु गुणवत्ता सूचकांक श्रेणी
चक्कर की मिलक 169 अनहेल्दी
चौधरपुर 167 अनहेल्दी
हरथला 162 अनहेल्दी
हयात नगर 194 अनहेल्दी
कांशीराम नगर 166 अनहेल्दी
खुशहालपुर 164 अनहेल्दी
कोठीवाल नगर 174 अनहेल्दी
लाजपत नगर 173 अनहेल्दी
ट्रांसपोर्ट नगर 170 अनहेल्दी
