माँ शाकम्भरी देवी मेले में श्रद्धालुओं को न हो असुविधा : सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र मेले के दौरान सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, अच्छी गुणवत्ता का भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। 

मुख्यमंत्री ने शाकम्भरी देवी मंदिर के प्रवेश द्वार तथा निर्माणाधीन पर्यटन सुविधा केंद्र स्थल पर चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान शाकम्भरी देवी परिसर के समेकित पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से दी गई। मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। 

योगी ने कहा कि 19 मार्च से प्रारम्भ होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले के अवसर पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। मेले में ड्यूटी पर लगाए जाने वाले कर्मचारियों की पहले काउंसलिंग की जाए ताकि वे श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करें। मेला परिसर में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और बिना किसी भेदभाव के सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से एंटी रोमियो दल को सक्रिय रखने और परंपरा के विपरीत कार्य करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सिविल डिफेंस और सामाजिक संस्थाओं को भी सुरक्षा व्यवस्था में जोड़ा जाए। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूकता जरूरी है। सफाई कर्मियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए जाएं। कूड़ा निस्तारण के लिए डम्पिंग स्थल दूर क्षेत्र में निर्धारित किया जाए तथा प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रसाधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। 

उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था करने, श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा प्रसाद उपलब्ध कराने और उसमें किसी प्रकार की मिलावट न होने देने के निर्देश दिए। पार्किंग शुल्क साधारण रखा जाए और अवैध वसूली न होने पाए इसका विशेष ध्यान रखा जाए। ई-रिक्शा, ऑटो चालकों और दुकानदारों का सत्यापन कराने को भी कहा गया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के लिए होर्डिंग, प्रदर्शनी और प्रकाश वाहनों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए। मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह एक प्राचीन और पौराणिक मेला है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से श्रद्धालु आते हैं, इसलिए व्यवस्थाएं ऐसी हों कि श्रद्धालुओं के बीच सरकार का सकारात्मक संदेश जाए। 

बैठक में संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक देवेन्द्र निम, विधायक किरत सिंह, विधायक राजीव गुंबर, अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर, मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन, पूर्व विधायक नरेश सैनी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार