भदोही में मां करणी के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में युवक पर मामला दर्ज 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

भदोहीः भदोही जिले में एक सोशल मीडिया पर राजपूत समाज की कुलदेवी मां करणी के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में 'भदोही क्षत्रिय करणी सेना' संगठन के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह की तरफ से सचिन सोनकर नाम के युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में चौरी थाने में शनिवार को मामला दर्ज किया गया। 

चौरी थाना प्रभारी निरीक्षक राम सरीख गौतम ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से रविवार को बताया कि सोशल मीडिया से जुड़े विभिन्न मंचों पर शनिवार को किए गए पोस्ट में राजपूतों की कुलदेवी मां करणी पर कथित रूप से बेहद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया था। 

गौतम ने बताया कि क्षत्रिय करणी सेना के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने इस मामले को लेकर थाने में दी गई शिकायत में कहा है कि सोनकर की इस टिप्पणी से राजपूतों के कई संगठन बेहद आहत हुए हैं जिससे जिले में जातीय हिंसा भड़क सकती है। गौतम ने बताया कि मामले में सोशल मीडिया के वायरल स्क्रीन शॉट और वीडियो प्राप्त हुए हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार