UP: मटर फैक्ट्री में गैस रिसाव से अफरा-तफरी, गंध फैलते ही मजदूरों ने भागकर बचाई जान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंडी धनौरा, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव चुचेला स्थित एक मटर फैक्ट्री में उस समय हड़कंप मच गया, जब फैक्ट्री परिसर में अचानक गैस का रिसाव हो गया। गैस की तेज गंध फैलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और सभी कर्मचारी आनन-फानन में अपनी जान बचाकर बाहर की ओर भाग निकले।

फैक्ट्री में कामकाज चल रहा था, तभी अचानक गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर में बदबू फैल गई, जिससे मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति को भांपते हुए वहां मौजूद श्रमिक तुरंत फैक्ट्री से बाहर निकल आए। गैस के प्रभाव से एक महिला मजदूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

वहीं घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। हालांकि जब इस संबंध में मौके पर मौजूद कर्मचारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो कोई भी कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुआ। थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं मिलने की बात कही है।

संबंधित समाचार