Moradabad : दिन भर छाए रहे बादल, बूंदाबांदी व हवा से ठंड, अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। तेज ठंडी हवा से लोगों को हल्की ठंडक महसूस हुई। बादलों की गरज भी सुनाई देती रही। सुबह करीब साढ़े आठ बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे फिर ठंड बढ़ी। सुबह लगभग 10 बजे करीब 15 मिनट तक हल्की बारिश हुई।
मौसम में बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या पर भी पड़ा। दोपहर दो बजे सूर्यदेव ने दर्शन दिए तो मौसम सामान्य हुआ। वहीं किसानों के लिए यह बारिश कुछ हद तक लाभदायक मानी जा रही है, क्योंकि इससे खेतों में नमी बनी रहती है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में इस तरह के उतार-चढ़ाव के चलते लोगों को सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि अचानक बदलते मौसम से सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
डॉक्टरों ने दी सलाह
जनरल फिजिशियन डॉ. आशीष कुमार सिंह के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव से सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम की ठंडी हवा से बचाव करना चाहिए, हल्के गर्म कपड़े पहनने चाहिए और ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करना चाहिए। यदि सर्दी, खांसी या बुखार के लक्षण दिखाई दें तो खुद से मेडिकल से दवा लेकर सेवन करने से बचें। तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना बेहतर रहता है।
