मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना आज की सबसे बड़ी जरूरत: ब्रजेश पाठक
लखनऊ, अमृत विचार : तेजी से बदलती जीवनशैली और डिजिटल दौर में मानसिक स्वास्थ्य को संतुलित बनाए रखना बेहद जरूरी हो गया है। यह बात उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निर्वाण अस्पताल द्वारा एक निजी होटल में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन ‘साइकॉन 2026’ में कही।
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में विकास के साथ मानसिक दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता पहले से अधिक हो गई है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रहे संस्थानों की सराहना की।
सम्मेलन में डिजिटल एडिक्शन, पेरेंटिंग और बदलती जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की। बताया गया कि मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रही है।
कार्यक्रम में जय शंकर मिश्र, डॉ.एस के अग्रवाल, डॉ. दीपतांशू अग्रवाल और डॉ.प्रांजल अग्रवाल सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई वरिष्ठ विशेषज्ञों को सम्मानित भी किया गया।
