बरेली: 40 घंटे चली पूछताछ, विदेशी सामान पर भी घेरा
अमृत विचार, बरेली। हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर और प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई पिछले करीब 40 घंटे से जारी है। दूसरे दिन विदेशी सामान को लेकर भी आयकर टीम ने शोरूम संचालक से लंबी पूछताछ की। टीम ने मंगलवार को भी सोने के स्टॉक और रिकार्ड का मिलान किया। वहीं कई अहम दस्तावेज …
अमृत विचार, बरेली। हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के घर और प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई पिछले करीब 40 घंटे से जारी है। दूसरे दिन विदेशी सामान को लेकर भी आयकर टीम ने शोरूम संचालक से लंबी पूछताछ की। टीम ने मंगलवार को भी सोने के स्टॉक और रिकार्ड का मिलान किया। वहीं कई अहम दस्तावेज जुटाने के साथ ही टीम ने चल-अचल संपत्ति का भी काफी ब्योरा जुटाया है। आयकर विभाग की कार्रवाई में दबी जुबान से अफसरों ने करोड़ों रुपये की हेराफेरी की बात स्वीकार की है। हालांकि कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
बता दें कि लखनऊ से आई आयकर विभाग की टीम ने सोमवार सुबह हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के मालिक के घर पर छापा मार दिया था। वहां से कारोबारी को टीम अपने साथ शोरूम पर ले गई थी जबकि परिवार के अन्य सदस्यों से घर में ही पूछताछ की गई। डोहरा रोड स्थित सर्राफा कारोबारी के बंगले पर भी छापेमारी में आयकर से संबंधित अभिलेख खंगाले थे। मंगलवार को भी कारोबारी के बंगले से लेकर शोरूम तक भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। टीम के आधे अधिकारी घर पर जांच करते रहे।
वहीं, दूसरे सदस्य शोरूम पर कार्रवाई करते नजर आए। सूत्रों के मुताबिक, सर्राफा कारोबारी के यहां बड़े पैमाने पर सोने, चांदी के अलावा डायमंड का स्टाक मिला है। विदेशों से आया कई तरह का सोना मिलने की चर्चा भी है। सोना, चांदी, हीरे, सिक्के, बिस्किट की खरीद-फरोख्त को लेकर कारोबारी से सवाल-जवाब किए गए।
इसके अलावा कोठी की सजावट को लेकर खरीदा गया सामान कहां-कहां से मंगाया गया और इनकी क्या कीमतें हैं, इसकी भी जानकारी ली। इस मामले में आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बताने से इनकार करते रहे। सिर्फ इतना कहा कि कार्रवाई चल रही है। देर रात तक जांच पूरी होने के बाद ही कोई जानकारी दी जा सकेगी। यह कार्रवाई बुधवार को भी चलने की बात सामने आई है। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो प्राथमिक छानबीन में अरबों रुपये की आयकर चोरी के संकेत मिले हैं।
रातभर होती रही नोटों की गिनती
सिविल लाइंस स्थित एचएसजे के शोरूम का नजारा मंगलवार सुबह कुछ अलग दिखा। यहां बड़ी संख्या में फोर्स तैनात थी और शोरूम अंदर से बंद था। खास बात यह थी शोरूम के अंदर मालिक और कुछ कर्मचारियों के साथ आयकर की टीम के अधिकारी थे। टीम शोरूम में मौजूद सोना, चांदी, हीरे, सिक्के, बिस्किट, नगदी आदि के बारे में जानकारी जुटाती रही। चर्चा यह भी है कि रात में नोटों की गिनती के लिए कर्मचारियों को शोरूम में रोका गया था। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो दो से तीन मशीनों से की जा रही नोटों की गिनती का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा।
आयकर विभाग के सवालों से चकराया कारोबारी
आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो सर्राफा कारोबारी से टीम में शामिल एक अधिकारी ने शोरूम में गिरवी रखे माल को लेकर भी सवाल पूछे। शोरूम में कितना स्टाफ तैनात है और उनकी सैलरी कैसे निकलती है। किन-किन त्योहारों पर फर्म द्वारा ऑफर के तहत ग्राहकों को गिफ्ट आदि दिए गए, उनका भी लेखा-जोखा देखा। कैश मेमो से लेकर कच्चे बिल तक की विस्तार से जानकारी ली। लगातार दूसरे दिन टीम की इस कार्रवाई से अन्य कारोबारी भी सहमे रहे। उन्होंने दुकान तो खोली लेकिन सभी को डर था कि कहीं टीम उनकी दुकान पर छापेमारी न कर दे।
बड़े कारोबारी एक-दूसरे को करते रहे फोन
लगातार दूसरे दिन शहर में एचएसजे के शोरूम पर आयकर लखनऊ टीम की छापामारी से पूरे सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया है। कुछ बड़े कारोबारियों ने तो घरों में रखी गिरवी की गांठें आदि इधर-उधर शिफ्ट कर दी हैं। इसके बाद भी डरे सहमे कारोबारी शोरूम के आसपास मंडराते दिखे। बड़े कारोबारी तो टीम की मॉनीटरिंग कर रहे थे। इसे लेकर सोमवार की तरह मंगलवार को भी बड़े कारोबारी एक दूसरे को फोन घनघनाते रहे। भले ही अन्य कारोबारियों का फिलहाल टीम से कुछ लेना देना नहीं है लेकिन कारोबारी खुद के बचाव के इंतजाम करने में जुटे हुए हैं।
देर रात लौटा दिए गार्ड एवं कर्मचारियों के मोबाइल
हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के बरेली स्थित शोरूम में चल रही आयकर विभाग की छापेमारी बुधवार तक जारी रहने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि बड़ी टैक्स चोरी सामने आएगी। आयकर विभाग के अधिकारियों ने सोमवार सुबह छापेमारी के दौरान सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए थे लेकिन टीम ने गार्ड एवं कुछ अन्य कर्मचारियों के मोबाइल देर रात लौटा दिए।
ग्राहकों से कह दो सीलिंग गिर गई है
हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स के शोरूम में रोजाना की तरह तमाम ग्राहक पहुंच रहे हैं लेकिन उन ग्राहकों को यह कहकर लौटाया जा रहा है कि शोरूम में अंदर सीलिंग गिर गई है। वहीं, कुछ जानकार एवं जागरूक ग्राहकों को आयकर विभाग की छापेमारी के बारे में पता होता है तो उनसे असलियत छिपाना मुश्किल हो रहा है। आयकर टीम से दवा लेने का बहाना करके निकले कर्मचारी ने गार्ड को साफ तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि ग्राहकों को ये बातें कहकर वापस भेज देना।
