Yamuna Expressway : यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बड़ी रफ्तार, तीन कंपनियों को भूमि आवंटन
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इनवेस्ट यूपी की संस्तुति पर तीन बड़ी कंपनियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हेतु भूमि आवंटित की गई है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में हजारों रोजगार सृजित होने के साथ ही हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा।
मंगलवार के दिन हुए करार की जानकारी दी गई, सीईओ ने बताया एम.एस एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर दस में एक सौ चौवन एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग दो हजार उन्नतीस करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब चार हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
यह यूनिट कृषि और निर्माण क्षेत्र के लिए आधुनिक मशीनरी के उत्पादन को बढ़ावा देगी। एम.एस सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया को सेक्टर आठ डी में सौ एकड़ जमीन दी गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना के तहत बारह सौ उन्नीस करोड़ से अधिक रुपये का निवेश किया जाएगा और लगभग बाहर सौ लोगों को रोजगार मिलेगा। यह इकाई देश में कृषि उपकरण निर्माण को मजबूती प्रदान करेगी।
एम.एस सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज को सेक्टर आठ डी में तीस हजार वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में दो सौ पच्चीस करोड़ से अधिक रुपए का निवेश होगा और पांच सौ उन्हत्तर लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इन तीनों परियोजनाओं के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में कुल मिलाकर करीब तीन हजार चार सौ चौहत्तर करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आएगा और लगभग पांच हजार सात सौ से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। प्राधिकरण द्वारा जल्द ही संबंधित कंपनियों को आवंटन पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद परियोजनाओं पर कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है।
