Good News: PET स्कैन से कैंसर की सटीक पहचान संभव, इलाज में भी खुलीं नई राहें
न्यूक्लियर मेडिसिन और एआई तकनीक से शुरुआती जांच आसान; प्रोस्टेट व थायरॉयड कैंसर में मिल रही बेहतर सफलता
लखनऊ, अमृत विचार : आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में कैंसर की पहचान और इलाज अब पहले से कहीं अधिक सटीक और प्रभावी हो गया है। पीईटी स्कैन तकनीक की मदद से अब यह आसानी से पता लगाया जा सकता है कि कैंसर शरीर के किन-किन अंगों तक फैल चुका है। कम समय में सटीक जांच संभव होने से मरीजों को समय रहते उचित इलाज मिल पा रहा है।यह जानकारी पीजीआई न्यूक्लीयर मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. पीके प्रधान ने दी।इस दौरान यूपी चैप्टर ऑफ न्यूक्लीयर मेडिसिन फिजिशियन का गठन कर डॉ. प्रधान को अध्यक्ष चुना गया।
यूपी चैप्टर ऑफ न्यूक्लीयर मेडिसिन फिजिशियन की तरफ से आयोजित कार्यशाला डॉ. प्रधान ने कहा कि अत्याधुनिक रेडियोट्रेसर और पीईटी स्कैन तकनीक से अब कैंसर का शुरुआती स्तर पर ही सटीक पता लगाया जा सकता है। विशेष रूप से प्रोस्टेट कैंसर के मामलों में यह तकनीक काफी कारगर साबित हो रही है, जहां पारंपरिक जांच सीमित परिणाम देती है। इससे डॉक्टरों को बीमारी की वास्तविक स्थिति समझने और बेहतर उपचार योजना बनाने में मदद मिलती है। केजीएमयू के न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के प्रकाश सिंह ने बताया कि इलाज के क्षेत्र में भी इस तकनीक ने नई संभावनाएं खोली हैं। लोहिया संस्थान की न्यूक्लियर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यवती देशवाल ने बताया कि कैंसर के कारण हड्डियों में होने वाले दर्द से राहत के लिए बोन पेन पैलिएशन थेरेपी भी प्रभावी विकल्प बनकर सामने आई है।
