Moradabad: अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच युद्ध के चलते गहराया LPG गैस सिलेंडर और पेट्रोल संकट

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच युद्ध का असर भारत पर भी पड़ रहा है। घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी के बाद उसकी आपूर्ति का संकट गहरा रहा है। घरों में गैस सिलेंडर खत्म होने से पहले ही हर उपभोक्ता उसे भराने में लगा है। हालांकि सरकार के आदेश पर आयल कंपनियों ने बुकिंग के नये नियम लागू कर दिया है। जिससे 25 दिन से पहले गैस की बुकिंग न होने से लोग मुश्किल में पड़ गए हैं। यह स्थिति मंडल के सभी जिलों में बनी हुई है।

जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक कनेक्शन, उनके सामने संकट सबसे अधिक है। गैस कब खत्म हो जाए इससे उनकी चिंता बढ़ गई है। वहीं दो सिलेंडर रखने वाले भी उसे भराने के लिए बुकिंग कर रहे हैं लेकिन पिछली रिफिलिंग के बाद 25 दिन के नियम ने उनको चक्कर में डाल दिया है। समस्या यह है कि यदि गैस सिलेंडर खत्म हो गया तो वह किस पर खाना पकाएंगे। वहीं, अनाधिकृत तरीके से छोटा गैस सिलेंडर रिफिल करने वाले भी अवसर का लाभ लेने में जुट गए हैं। ऐसे दुकानदारों ने 30 रुपये प्रति किलो दाम बढ़ा दिए हैं। अब चार किलो के छोटे गैस सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए 90 की जगह 120 रुपये प्रति किलो का रेट ले रहे हैं। इस अवसर से छोटे सिलेंडर रिफिल करने वालों की चांदी हो गई है। हालांकि, सरकार के सख्त संदेश के बाद रिफिलिंग का काम चोरी छिपे चल रहा है। वहीं, गैस एजेंसियों के हाकर भी बुक सिलेंडर दूसरों को बेचकर मुनाफा कमाने में जुट गए हैं। वहीं, पेट्रोल पंपों पर भी लोग पेट्रोल डीजल लेने में जुट गए हैं। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार के संकट से इनकार किया जा रहा है।

गैस एजेंसियों पर पहुंचे अधिकारी, स्टॉक सत्यापन कर देखा बैकलॉग
अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच खाड़ी देशों की वर्तमान वैश्विक स्थिति में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कराने और कालाबाजारी व जमाखोरी पर नियंत्रण के लिए बुधवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह के निर्देश पर टीमों ने गैस वितरक एजेंसियों पर पहुंच कर जांच की। रास्ते में जा रहे गैस लदे वाहन को भी रोक कर चेक किया।

जिला आपूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि बिलारी गैस एजेंसी बिलारी, राष्ट्रीय भारत गैस एजेंसी ईंधनपुर नगला, मेसर्स रिलायंस गैस एजेंसी पीलीकोठी मुरादाबाद, मेसर्स रजा गैस एजेंसी सूरजनगर, मेसर्स सीजेएचएम कांठ, हरिकृपा गैस एजेंसी डिलारी, मो. शफी इंडेन वितरक ठाकुरद्वारा, सुगंध एचपी गैस एजेंसी ग्राम नवादा, शिव साईं भारत गैस ठाकुरद्वारा की मौके पर पहुंच कर जांच की गई। मौके पर मिले उपभोक्ताओं का बयान भी लिया गया। एजेंसियों पर स्टॉक सही पाया गया। अधिक दिनों का बैकलॉग नहीं पाया गया। निर्देश दिया गया कि किसी प्रकार की जमाखोरी व कालाबाजारी नहीं होना चाहिए। अन्यथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कराते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

होटल वालों को मिल रहा पांच किलो गैस से भरा कामर्शियल सिलेंडर
रामपुर, अमृत विचार: : होटलों और रेस्टोरेंट में लकड़ी और कोयले की भट्टी पर व्यंजन तैयार हो रहे हैं। होटल वालों को पांच किलो वाला कामर्शियल सिलेंडर दिया जा रहा है, जबकि पूरे दिन में औसतन 15 किलो गैस खर्च होती है। गैस की किल्लत के चलते होटल और रेस्टोरेंट संचालक पुरानी डगर पर लौट आए हैं। होटल और रेस्टोरेंट स्वामियों ने कोयले और लकड़ी की भट्टियों पर रोटी और सब्जियां बनाना शुरू कर दिया है। गैस ने आदत बिगाड़ दी है अब लकड़ी के चूल्हों और कोयले की भट्ठियों पर काम करना मुश्किल हो जाएगा। घरेलू गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को ही ओटीपी से मिलेगी। गैस की किल्लत होने पर अमृत विचार ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से बातचीत की।

गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह से बढ़ी परेशानी
बुधवार को गजरौला में भारत गैस एजेंसी के कार्यालय के बाहर गैस सिलेंडर रिफिल कराने आए ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोगों ने सिलेंडर की आपूर्ति में देरी को लेकर एजेंसी के भीतर नाराजगी जताते हुए हंगामा भी किया। गजरौला में घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी मैन के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ गई है। चर्चा और आफवाह से आम लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। खासकर गृहिणियां काफी चिंता में हैं। जिन परिवारों के पास एक या दो ही सिलेंडर हैं, वे रिफिल न होने के कारण इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं।

उधर, इस स्थिति के बीच बाजार में बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है। कई लोग संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए इंडक्शन चूल्हे खरीदते दिखाई दे रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में काफी बढ़ोत्तरी हुई है।

संबंधित समाचार