T20 APL: यमुना सुपर किंग्स ने बेतवा को हराया, अमन-अभिनव रहे मैन ऑफ द मैच
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 में मंगलवार को मनोरमा मार्बल्स के अमन अली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 66 गेंदों पर शतक बनाया और नॉट आउट रहे। खेले गए मुकाबलों में मनोरमा मार्बल्स व यमुना सुपर किंग्स ने जीत दर्ज कर पूल में स्थिति मजबूत की। पूर्व विजय ट्रॉफी खिलाड़ी राशिद हुसैन चांद ने अमन व अभिनव को मैन-ऑफ-द-मैच के रूप में पुरस्कृत किया।
डाभासेमर के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल स्थित क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को पहला मुकाबला यमुना सुपर किंग्स व बेतवा ब्लास्टर्स टीमों के बीच खेला गया। इसमें यमुना सुपर किंग्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 137 रन बनाया। इसमें शुभ खन्ना ने 38, अभिजीत ने 37, सत्येन्द्र ने 32, विनायक ने 14 रन बनाए। बेतवा ब्लास्टर्स के अमर ने दो, आशुतोष व धनंजय ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बेतवा ब्लास्टर्स निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 125 रनों पर सिमट गई।
यमुना टीम ने 12 रनों से जीत हासिल की। बेतवा ब्लास्टर्स के मुरारी ने 24, सुपर किंग्स के अभिनव व उमेश ने एक-एक विकेट लिया। यमुना टीम के अभिनव तिवारी मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे मुकाबले में मनोरमा मार्बल्स ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 182 रन बनाया। अमन अली ने शानदार शतकीय पारी खेली। अमन ने 10 चौके व चार छक्के की मदद से 66 गेंदों पर अविजित 101 रन बनाया और मैन ऑफ द मैच रहे।
अंश ने 50 रनों का सहयोग दिया। हिंडन टाइटन के शैलेन्द्र ने दो व आकाश ने एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हिंडन टाइटन टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर 176 रन ही बना सकी। शेखर ने 55, रितिक ने 47, विकास ने 30, यशोवर्धन ने 16 व सचिन ने 13 रन बनाया। मनोरमा के आयुष ने तीन, रिशेन्द्र, आकिब व तुषार ने एक-एक विकेट लिया। इस अवसर पर डीसीए के जिला सचिव उमेर अहमद, आयोजन संयुक्त सचिव बाल किशन निषाद, ऑफीसियल व खेल प्रेमी मौजूद रहे।
