उद्योग-सरकार की मजबूत साझेदारी से उत्तर प्रदेश बनेगा विकसित राज्य: हरित ऊर्जा, एआई सिटी और औद्योगिक उन्नति पर फोकस
लखनऊ, अमृत विचारः भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) उत्तर प्रदेश की ओर से विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण: उद्योग को शक्ति, लोगों को सशक्तिकरण, समृद्धि की दिशा विषय पर वार्षिक सत्र और सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें सरकारी अधिकारियों, नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने राज्य की विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा की। अभिषेक सर्राफ ने सीआईआई प्रदेश अध्यक्ष और प्रणय एस गर्ग ने उपाध्यक्ष का पदभार संभाला।
ऊर्जा सत्र में अपर मुख्य सचिव नरेंद्र भूषण ने बताया कि प्रदेश ने हरित ऊर्जा क्षमता का लगभग 50 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। राज्य टिकाऊ ऊर्जा मिश्रण की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यूपीपीसीएल के अध्यक्ष आशीष कुमार गोयल ने कहा कि राज्य में बिजली आपूर्ति स्थिर है, वितरण प्रणाली को और सुदृढ़ किया जा रहा है। औद्योगिक विकास सत्र में प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने बताया कि लखनऊ को देश के पहले एआई सिटी और कानपुर को ड्रोन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मनोज कुमार सिंह ने उन्नत विनिर्माण, हरित ऊर्जा और डिजिटल तकनीकों को भविष्य की कुंजी बताया। स्वास्थ्य सत्र में अमित कुमार घोष ने आयुष्मान भारत योजना के विस्तार की जानकारी दी और इसमें निजी भागीदारी पर जोर दिया। श्रम सुधार पर चर्चा करते हुए एमके शन्मुग सुन्दरम ने श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन और डिजिटलीकरण पर बल दिया। आईआईडीसी दीपक कुमार ने प्रदेश को उभरता निवेश गंतव्य बताया।
