लखनऊ : जमानत पर छूटते ही लारी कॉर्डियोलॉजी में फिर सक्रिय हुए दलाल
लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के लारी कॉर्डियोलॉजी में निजी मेडिकल स्टोरों के दलालों को रोकने में केजीएमयू प्रशासन नाकाम है। दलाली, अभद्रता और मारपीट के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार हुए चारों दलाल जमानत पर छुटते ही बुधवार को दोबारा से लारी में दलाली करते दिखे। खास बात यह कि सभी दलाल सुरक्षा गार्ड के पास ही झुंड लगाकर खड़े थे और तीमारदारों को अपने जाल में फंसा रहे थे। मामले का वीडियो भी अमृत विचार के पास मौजूद है।

लारी कॉर्डियोलॉजी में रोजाना 350 मरीज ओपीडी में देखे जाते हैं। इसके आलावा पुराने मरीज भी दवा लेने के लिए यहां के एचआरएफ काउंटर पर आते हैं। एचआरएफ से मरीजों को 50 से 70 फीसदी तक दवाएं छूट पर मिल जाती हैं। काउंटर पर मरीजों को लंबी कतार का सामना करना पड़ता है। दवा लेने में एक से डेढ़ घंटे का समय लगता है। साथ ही पर्चे पर लिखी सारी दवाएं भी एचआरएफ से नहीं मिल पाती हैं। इसका फायदा निजी मेडिकल स्टोर के दलाल उठाते हैं। वह मरीजों-तीमारदारों को एचआरएफ के रेट पर ही दवाएं मुहैया कराने का झांसा देकर जाल में फंस लेते हैं। इनकार करने पर अभद्रता और मारपीट पर भी आमादा हो जाते हैं। सोमवार को तीमारदार से विवाद कर रहे चार दलालों को मौके से वजीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
इस दौरान दरोगा से भी अभद्रता की थी। पकड़े गए आरोपितों की पहचान शाहगंज नक्कास निवासी मुस्तकीम खान,मोहनीपुरवा दौलतगंज हुसैनाबा निवासी मो. अफजल, शहजान निवासी पानी की टंकी, हुसैनाबाद और साकिब निवासी गेंदखाना पानी की टंकी, हुसैनाबाद के रूप में हुई। मंगलवार को सभी की जमानत हो गई। बेखौफ चारों आरोपित बुधवार को भी अपने अन्य साथियों के साथ लारी कॉर्डियोलॉजी में पहले की तरह ही दलाली करते दिखे।
ऐसे फंसाते हैं जाल में
बुधवार, समय 2:25 बजे
दलाल : दवा नहीं मिली क्या
तीमारदार : पर्चा दिखाते हुए दो दवाएं नहीं मिली।
दलाल : हम छूट पर दिला देंगे।
तीमारदार : कितनी छूट मिलेगी।
दलाल : 20 प्रतिशत
तीमारदार : इतनी छूट तो कोई भी देगा।
दलाल : अच्छा कितने दिनों की लेंगे।
तीमारदार : एक माह की।
दलाल : ठीक है 30 प्रतिशत की छूट दे देंगे।
तीमारदार : ठीक है बताते हैं, अपना नंबर दे दीजिये।
दलाल : विजिटिंग कार्ड देते हुए मेरा नाम अभिषेक है दवा यहीं पर मंगवा देंगे।
तीमारदार के पास पर्चा देखते ही दलालों के झुंड ने घेर लिया।
वर्जन
संस्थान की तरफ से समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है। साथ ही दलालों से सावधान के लिए परिसर में नोटिस भी चस्पा कराई गई है। सुरक्षा गार्डों को भी सतर्क किया गया है। इस मामले में जांच कराई जाएगी। यदि सुरक्ष गार्ड की भूमिका पाई गई तो कार्रवाई होगी।
- डॉ. केके सिंह, प्रवक्ता केजीएमयू
यह भी पढ़ें : राजनीति में कभी 'फुल स्टॉप' नहीं लगता: रिटायर हो रहे राज्यसभा सदस्यों को पीएम मोदी का भावुक संदेश
