Share Market Today: तीन सत्र की थमी तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल एवं कमजोर वैश्विक रुझानों के बीच सेंसेक्स तथा निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में तीन सत्र से जारी तेजी थम गई और इनमें गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों का कहना है कि इसके अलावा विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी बाजार की भावनाओं को प्रभावित किया है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,953.21 अंक या 2.54 प्रतिशत टूटकर 74,750.92 अंक पर आ गया जबकि एनएसई निफ्टी 580.05 अंक या 2.43 प्रतिशत फिसलकर 23,197.75 अंक पर रहा। 

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक के शेयर में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक नैतिक चिंताओं का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा देने के कारण इसका शेयर टूटा।

वहीं लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटर्नल और बजाज फाइनेंस के शेयर भी सबसे अधिक नुकसान झेलने वालों में शामिल रहे। केवल एनटीपीसी और पावर ग्रिड के शेयर में बढ़त दर्ज की गई। 

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार बुधवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.77 प्रतिशत की बढ़त के साथ 111.4 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 2,714.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,253.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। 

ये भी पढ़ें  : 
Share Market Today: शेयर बाजार में आई बहार, सकारात्मक संकेतों के बीच कारोबार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी मजबूत  

संबंधित समाचार