Moradabad: चैत्र नवरात्र आज से, पालकी की सवारी पर आएंगी मां
मुरादाबाद, अमृत विचार। चैत्र नवरात्र की शुरूआत गुरुवार से होगी। इसके साथ ही विक्रम संवत 2083 की शुरूआत हो जाएगी। पहले दिन घरों व मंदिरों में विधि विधान से पूजा अर्चना करने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। नवरात्र गुरुवार से शुरू होने के चलते देवी मां का आगमन पालकी की सवारी पर प्रस्थान हाथी की सवारी पर होगा।
प्राचीन सिद्धपीठ श्री नौ देवी काली माता जी मंदिर लालबाग के महंत राम गिरि महाराज ने बताया कि कलश स्थापना का मुहूर्त प्रतिपदा के दिन 19 मार्च को सुबह 6 बजकर 52 से 7 बजकर 43 मिनट तक और दोपहर में 12 बजकर 5 मिनट से 12 बजकर 53 मिनट तक रहेगा। जो साधक कलश स्थापना कर देवी मां की साधना करते हैं वह दोनों में से किसी एक मुहूर्त में कलश स्थापना कर सकते हैं। महाकाली की पूजा सप्तमी तिथि 25 मार्च को रहेगी। उन्होंने बताया कि इस दिन माताजी का विशेष श्रृंगार ओर पूजन होगा।
संध्या आरती के समय भक्तों द्वारा भोग अर्पित कर प्रसाद का वितरण किया जाएगा। उदया तिथि के अनुसार अष्टमी तिथि 26 मार्च और रामनवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी। इस दिन माता का दर्शन और पूजन विशेष फलदायी होता है। शाम को मंदिर खुलने पर माता जी का भोग लगाकर नवरात्र के व्रतों का परायण होता है और उसके बाद शाम से मध्य रात्रि तक मंदिर खुले रहने तक हलवा का प्रसाद वितरित किया जाता है।
