UP: कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम फिसलकर गिरे, सिर में गंभीर चोट
संभल, अमृत विचार। कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम बुधवार को अपने गाजियाबाद स्थित आवास पर पैर फिसलने से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनके घायल होने की खबर फैलते ही अनुयायियों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार आचार्य प्रमोद कृष्णम का बुधवार दोपहर किसी कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित था। वह करीब 12 बजे अपने आवास से बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कल्कि धाम से जुड़े सूत्रों के अनुसार इस हादसे में उनके सिर में करीब दो इंच गहरा घाव हो गया। चिकित्सकों ने घाव का उपचार करते हुए करीब 25 टांके लगाए हैं। साथ ही प्लास्टिक सर्जरी भी की गई है ताकि चोट का समुचित उपचार हो सके।
डॉक्टरों द्वारा किए गए सीटी स्कैन की रिपोर्ट सामान्य आई है, जिससे किसी अंदरूनी गंभीर चोट की आशंका नहीं पाई गई है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। आचार्य प्रमोद कृष्णम के घायल होने की सूचना मिलते ही कल्कि धाम से जुड़े लोगों और उनके अनुयायियों में बेचैनी बढ़ गई। तमाम श्रद्धालु फोन और अन्य माध्यमों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने में जुटे रहे। कई लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय अस्पताल में ही रहने की सलाह दी है। फिलहाल उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है और चिकित्सकीय टीम द्वारा आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
