कानपुर में 49 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में क्राइम ब्रांच व रावतपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 49.388 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था विपिन ताडा ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन व्हाइट पाउडर" अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 

पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ तस्करी के जरिये कानपुर लाये जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उमेश चंद राजपूत उर्फ अश्वनी राजपूत (59) निवासी काकादेव, अकबर अली उर्फ चिंगारी (54) निवासी गंगाघाट उन्नाव तथा सलमाना बेगम (35) निवासी गंगाघाट उन्नाव शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 49.388 किलोग्राम गांजा (चार बैग में कुल 48 पैकेट) बरामद किया है। 

उन्होने बताया कि यह गिरफ्तारी हनुमान मंदिर के आगे राजकीय पॉलिटेक्निक कट के पास रेलवे लाइन की ओर चौकी गुरुदेव क्षेत्र में की गई। इस संबंध में थाना रावतपुर में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। 

संबंधित समाचार