Bareilly : नजर नहीं आया चांद, अलविदा आज, ईद कल
शहर में ईद का चांद देखने की कोशिश की गई
बरेली, अमृत विचार। शहर में गुरुवार को ईद का चांद देखने की कोशिश की गई। लेकिन ईद का चांद नजर नहीं आया और न ही कहीं से चांद देखे जाने की शहादत हुई। ऐसे में शुक्रवार को अलविदा की दूसरी नमाज अदा होगी, जबकि ईद उल फितर शनिवार को मनाई जाएगी। गुरुवार को सऊदी अरब में चांद नजर आ गया है, ऐसे में वहां शुक्रवार को ईद मनाई जाएगी।
दरगाह आला हजरत की ओर से गुरुवार को ईद का चांद देखने की अपील की गई थी। जिसको लेकर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए थे। गुरुवार को मगरिब की नमाज के बाद दरगाह आला हजरत, खानकाह ए नियाजिया, समेत अन्य दरगाह और मस्जिदों से ईद का चांद देखने की कोशिश की गई। लेकिन ईद का चांद नजर नहीं आया। जिससे तय हो गया कि शुक्रवार को 30 वां रोजा रखा जाएगा। जबकि दूसरी अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। वहीं, शुक्रवार को 30 रोजे पूरे होने के बाद चांद नजर आने पर शनिवार को ईद मनाई जाएगी। गुरुवार को सऊदी अरब में 30 रोजे के बाद ईद का चांद नजर आ गया। ऐसे में वहां शुक्रवार ईद मनाई जाएगी। जिले में भी शनिवार को ईद की नमाज को लेकर सभी मस्जिद और ईदगाह में तैयारी पूरी कर ली गई। सभी जगह पर ईद की नमाज का समय तय कर दिया गया है। ईद की मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में शनिवार सुबह 10.30 बजे अदा की जाएगी।
