Balrampur News: आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बलरामपुर, अमृत विचार। जनपद में शुक्रवार को तेज गरज-चमक के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने एक युवक की जान ले ली। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम धुसाह निवासी तीरथ वर्मा (30 वर्ष), पुत्र संतराम, अचानक मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। तेज गर्जना और चमक के बीच गिरी बिजली से मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक बदले मौसम के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही जा रही है।
