T20 APL : गंगा वारियर्स-हिंडन टाइटन ने जीता लीग मैच, अभिषेक व रितिक रहे मैन-ऑफ-द-मैच
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 में गुरुवार को गंगा वारियर्स व हिंडन टाइटन टीम ने लीग मुकाबले में जीत दर्ज की। डीसीए जिला सचिव उमेर अहमद व गंगा वारियर्स के ओनर रितिक ने अभिषेक व रितिक को मैन-ऑफ-द-मैच ट्रॉफी प्रदान की।
डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल के क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को दो लीग मैच खेले गए। पहले मैच में गंगा वारियर्स टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक के 79, कृष्णा के 26, रनों की मदद से 18.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 156 रन बनाये।
यमुना सुपर किंग्स के उमेश यादव व विनायक ने तीन-तीन, हिमांशु ने दो, पंकज व उमेश तिवारी ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी यमुना टीम सत्येन्द्र के 49, विनायक के 48 रनों के सहयोग के बावजूद नौ विकेट खोकर 132 रनों पर सिमट गई। गंगा टीम के विशाल व सौरभ ने दो-दो, पंकज, शोएब, राघवेन्द्र व अभिषेक ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरे मैच में बेतवा ब्लास्टर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विनय के 52, सुधांशु के 31, विकास के 24 रनों की सहायता से सात विकेट खोकर 149 रन बनाये। हिंडन टाइटन के प्रखर व रितिक ने दो-दो, निखिल व प्रिंस ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में बल्लेबाजी करते हुए हिंडन टीम ने सत्यम के 28, संस्तुत के 27, कुशाग्र 24, रितिक 20 रनों की बदौलत 18 ओवरों में चार विकेट शेष रहते मैच जीत लिया। बेतवा टीम के कृष्णा ने तीन, घनश्याम ने दो, शशांक ने एक विकेट लिया। डीसीए के जिला सचिव उमेर अहमद, आयोजन संयुक्त सचिव बाल किशन निषाद, ऑफीसियल व खेल प्रेमी मौजूद रहे।
