Moradabad: भावना गैस एजेंसी पर छापा, अनियमितताएं मिलने पर गोदाम सील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। नगर स्थित भावना गैस एजेंसी में गैस वितरण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात छापेमारी की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर गोदाम सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं द्वारा शिकायत की जा रही थी कि कई को बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं दिए जा रहे, जबकि कुछ लोगों को तय तारीख से पहले ही उपलब्ध करा दिए जाते हैं। इसके अलावा नकद उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी सिलेंडर न देने और अन्य लोगों को देने जैसी शिकायतें भी सामने आई थीं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में आपूर्ति निरीक्षक जयवीर सिंह, अमित सिंह और अनिल कुमार की टीम ने देर रात भावना गैस एजेंसी पर छापा मारा। टीम ने अभिलेखों और रजिस्टरों की गहन जांच की। जांच के दौरान शिकायतें सही मिलीं।

इसके बाद जिला आपूर्ति अधिकारी ने गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया। जिला आपूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

संबंधित समाचार