अमृतसर : प्रबंधक सुसाइड मामले में मंत्री लालजीत भुल्लर ने दिया इस्तीफा, जानिए क्या बोले सीएम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश के बाद शनिवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। अमृतसर में भंडारण निगम के एक जिला प्रबंधक की कथित आत्महत्या के मामले में तरनतारन के पट्टी से विधायक भुल्लर से इस्तीफा देने को कहा गया था। मान ने मुख्य सचिव को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। 

उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा यह कहते सुनाई दिए कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है और उन्होंने वीडियो में परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम लिया था। इससे पहले, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आरोप लगाया था कि रंधावा ने सल्फास खाकर आत्महत्या की। मजीठिया ने यह भी आरोप लगाया था कि दम तोड़ने से पहले रंधावा ने भुल्लर का नाम लिया था।

सीएम मान ने घटना को बताया पीड़ादायक

मुख्यमंत्री मानसिंह ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और किसी भी व्यक्ति का इस तरह दुनिया से चले जाना पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कैबिनेट मंत्री से इस्तीफा ले लिया गया है।

संबंधित समाचार