Bareilly : सांसद की चेतावनी...गर्मी में फाल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या नहीं होगी बर्दाश्त  

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। भीषण गर्मी की आहट के साथ ही बरेली की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शासन और प्रशासन सक्रिय हो गया है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के निर्देशों पर शनिवार को सर्किट हाउस के सभागार में जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग के बीच समन्वय बैठक हुई। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी ग्रीष्म ऋतु में उपभोक्ताओं को अघोषित बिजली कटौती से निजात दिलाना रहा।

बैठक में सांसद छत्रपाल गंगवार ने जोर देकर कहा कि गर्मी के मौसम में फाल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ''लेफ्ट आउट हाउस होल्ड'' योजना के तहत छूटे हुए घरों तक जल्द से जल्द बिजली पहुंचाने और जर्जर लाइनों के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने विभाग की सक्रियता को सराहा, लेकिन भविष्य की चुनौतियों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी। मुख्य अभियंता ने आश्वस्त किया कि विभाग के सभी अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी फील्ड में रहकर शिकायतों की निगरानी करेंगे। 

एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति के साथ-साथ उपभोक्ता संतुष्टि प्राथमिकता होनी चाहिए। मेयर डाॅ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा और डॉ. एमपी आर्या ने सुझाव दिया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए टोल-फ्री नंबर और स्थानीय स्तर पर रिस्पांस टाइम को न्यूनतम किया जाए। बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहित जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें ग्रीष्मकालीन तैयारियों को समय से पूरा करने की अंतिम समय-सीमा दी गई।

संबंधित समाचार