पंकज चौधरी ने सपा शासन पर साधा निशाना, कहा- सपा के वादे चुनावी, जनता अब काम पर करती है विश्वास
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी मौसम में किए जा रहे लुभावने वादे जनता को भ्रमित करने का प्रयास हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा महिलाओं को 40 हजार रुपये देने की घोषणा को चुनावी रणनीति करार देते हुए कहा कि अब जनता घोषणाओं नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले कामों पर विश्वास करती है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को नारे से आगे बढ़ाकर ठोस नीतियों और परिणामों में बदला है। उज्ज्वला, जनधन, प्रधानमंत्री आवास, मातृत्व वंदना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला हेल्पलाइन 1090, फास्ट ट्रैक कोर्ट और मिशन शक्ति जैसे अभियानों से महिलाओं के खिलाफ अपराधों में कमी आई है और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है।
सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासनकाल में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठते रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती थीं।
