UP सिपाही भर्ती परीक्षा : परीक्षा हाल में कलावा और मंगलसूत्र पहनकर दे सकेंगे एग्जाम, इन चीजों पर रहेगी रोक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। आगामी 8 और 10 जून को होने वाले सिपाही और अन्य पदों पर भर्ती को लेकर यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने गाइडलाइन जारी की है। परीक्षा में कलावा, मंगलसूत्र आदि पर पाबंदी नहीं रहेगी। वहीं स्मार्ट फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच आदि परीक्षा हाल में ले जाने पर मनाही है। बोर्ड द्वारा परीक्षा की तैयारियों को लेकर रविवार को सभी 75 जिलों के नोडल अधिकारियों, जिलों के आब्जर्वर और कंट्रोल रूम के प्रभारियों को निर्देश दिए गए।

डीजी भर्ती बोर्ड एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा सभी 75 जिलों के 1183 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी। गौरतलब हो कि सिपाही के 32,679 पदों के लिए लगभग 28 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। डीजी ने कहा कि परीक्षा की विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए बोर्ड द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाई गई है, जिसका अनुपालन कराया जाए।

सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी को मजबूत रखने के साथ लगातार मॉनिटरिंग की जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी के आधार सत्यापन एवं ई-केवाईसी के लिए आइरिश आधारित बायोमेट्रिक जांच के विभिन्न आधुनिक उपकरण केंद्रों पर लगाए जाएंगे, जिनसे गुजरने के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल सकेगा। प्रत्येक महिला अभ्यर्थी की जांच एनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी। सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं नीले या काले पेन के अतिरिक्त किसी अन्य सामग्री के साथ नहीं आएं। यथासंभव जूते-मोजे के स्थान पर चप्पल पहने।

उन्होंने आधुनिक उपकरणों के बारे में भी बताते हुए कहा कि ऐसे मेटा चश्मे या पेन आदि किसी भी दशा में अंदर न ले जाने दें, जिनमें ऐसी कनेक्टिविटी मौजूद हो। मोबाइल फोन या ब्लूटूथ डिवाइस परीक्षा कक्षों तक न पहुंचे, उसके लिए चेकिंग में सजगता बरती जाए। केंद्र में तैनात कर्मी भी अपना मोबाइल अंदर नहीं ले जा सकेंगे।

हर केंद्र को परीक्षा से पहले तथा प्रत्येक पाली की समाप्ति के बाद सैनिटाइज किया जाएगा। कहा कि परीक्षा केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा। जो न केवल अभ्यर्थियों की सख्ती से चेकिंग-फ्रिस्किंग करेगा, बल्कि अवांछित तत्वों और अनुचित साधनों के साथ आए अभ्यर्थियों पर पैनी नजर रखेगा।

संबंधित समाचार