यूपी में महिला सशक्तिकरण अब जमीनी हकीकत... बोलीं बेबी रानी मौर्य- सुरक्षा से स्वावलंबन तक बदली तस्वीर
अपराधों में कमी और रोजगार के बढ़े अवसर... लखपति दीदी, कन्या सुमंगला और पोषण योजनाओं से महिलाओं व बच्चों को बड़ा लाभ
लखनऊ, अमृत विचार: महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण अब केवल नारा नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाली वास्तविकता बन चुका है। योगी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुआ है।
महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने आगरा में बताया कि महिला सुरक्षा के मोर्चे पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के प्रभावी परिणाम सामने आए हैं। यूपी-112 का रिस्पॉन्स टाइम घटकर लगभग 6 मिनट रह गया है और महिला अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और एंटी रोमियो स्क्वॉड जैसी व्यवस्थाओं ने सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया है।
आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भर बन रही हैं। ‘लखपति दीदी’ जैसी पहल ने लाखों महिलाओं की आय बढ़ाई है, जबकि नाइट शिफ्ट की अनुमति से औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खुले हैं।
