पिता बन गए Filmmaker मधु मंटेना : पत्नी इरा त्रिवेदी ने दिया बेटे को जन्म, पोस्ट के जरिये दी खुशखबरी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। 'गजनी', 'क्वीन' और 'मसान' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाने वाले फिल्म निर्माता मधु मंटेना पिता बन गए हैं। मधु की पत्नी एवं लेखिका इरा त्रिवेदी ने बेटे को जन्म दिया है। इस जोड़े ने रविवार को 'इंस्टाग्राम' पर एक पोस्ट के जरिए अपने पहले बच्चे के जन्म की खुशखबरी साझा की। पोस्ट में बच्चे के पैर की उंगलियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर वाला एक पोस्टर था। दोनों ने बताया कि उनके बेटे का जन्म 21 मार्च को हुआ था। 

पोस्ट में लिखा था, ''श्रीकृष्ण का धन्यवाद इस दिव्य आशीर्वाद के लिए, जिन्होंने हमारे जीवन को प्रेम और प्रकाश से भर दिया। इरा और मैंने नवरात्र के पावन दिनों और ईद के मौके पर अपने बच्चे का स्वागत किया।'' फिल्म जगत की कई मशहूर हस्तियों ने पोस्ट पर कमेंट करके इस जोड़े को बधाई दी। राजकुमार राव ने लिखा, ''आप दोनों को हार्दिक बधाई। 

नन्हे मेहमान से मिलने का बेसब्री से इंतजार है।'' रवीना टंडन ने लिखा, ''बधाई हो''। मंटेना और त्रिवेदी ने 11 जून 2023 को मुंबई में एक पारंपरिक समारोह में शादी की थी। इससे पहले मंटेना की शादी फैशन डिजाइनर एवं अभिनेत्री मसाबा गुप्ता से 2015 में हुई थी, लेकिन दोनों ने 2019 में तलाक की घोषणा कर दी थी। 

 

 

 

संबंधित समाचार