Stock market closed: पश्चिम एशिया संकट से निचले स्तर पर आये शेयर बाजार, नकारात्मक संकेतों के बीच सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को एक बार फिर पश्चिम एशिया संकट का साया हावी रहा और बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 21 महीने के निचले स्तर पर आ गया। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और रुपये में जारी गिरावट के बीच सेंसेक्स 1,836.57 अंक (2.46 प्रतिशत) लुढ़ककर 04 जून 2024 के बाद के निचले स्तर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत को गोता लगाकर 22,512.65 अंक पर रहा जो 07 अप्रैल 2025 के बाद का निचला स्तर है। 

पश्चिम एशिया संकट से पूरी दुनिया में शेयर बाजारों में आज भारी गिरावट रही। साथ ही रुपये के पहली बार 94 प्रति डॉलर तक कमजोर पड़ने से निवेश धारणा कमजोर हुई है। मझौली और छोटी कंपनियों पर और अधिक दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 3.67 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 3.94 प्रतिशत गिर गया। बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स 17 के पार रहा। 

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह का सूचकांक पांच प्रतिशत से ज्यादा टूट गया। धातु, रियलटी और सार्वजनिक बैंकों के समूहों में भी चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। ऑटो, एफएमसीजी, फार्मा, मीडिया, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और रसायन समेत लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों पर काफी दबाव रहा। आईटी समूह का सूचकांक सबसे कम 0.18 प्रतिशत गिरा। 

एनएसई में जिन 3,420 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 3,008 के शेयरों में गिरावट रही जबकि 332 के शेयर बढ़त में बंद हुए। अन्य 82 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन का शेयर 6.24 प्रतिशत लुढ़क गया। ट्रेंट में 5.90 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 5.20, बीईएल में 4.85, इंडिगो में 4.85, टाटा स्टील में 4.80, एचडीएफसी बैंक में 4.70, अडानी पोर्ट्स में 4.49, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3.55, एशियन पेंट्स में 3.41 और आईटीसी में 3.17 प्रतिशत की गिरावट रही। 

कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 2.89 प्रतिशत, एक्सिस बैंक का 2.79, भारती एयरटेल का 2.72, एलएंडटी का 2.70, भारतीय स्टेट बैंक का 2.52, इटरनल का 2.30, बजाज फाइनेंस का 2.23, एनटीपीसी का 2.17 और बजाज फिनसर्व का 2.12 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। मारुति सुजुकी का शेयर 1.97 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक का 1.84, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.43 और सनफार्मा का 1.19 प्रतिशत फिसल गया। 

रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस के शेयर भी टूट गये। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.83 प्रतिशत, पावरग्रिड में 1.39 और इंफोसिस में 0.28 प्रतिशत की तेजी रही। वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 3.63 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 3.54 प्रतिशत और जापान का निक्केई 3.48 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.57 प्रतिशत ऊपर था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.03 प्रतिशत नीचे था।

ये भी पढ़ें  : 
Stock market closed: शेयर बाजारों में तेजी, 326 अंक मजबूत सेंसेक्स, जानिए निफ्टी का हाल  

संबंधित समाचार