Bareilly: ठगों ने अधिवक्ता की पत्नी के खाते से 6.89 लाख उड़ाये, नेट बैंकिंग से की रकम ट्रांसफर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगों ने बैंक प्रतिनिधि बनकर अधिवक्ता की पत्नी को झांसे में लिया और बैंक खाते से 6,89,500 रुपये उड़ा लिए। अधिवक्ता ने साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दशमेश नगर निवासी अधिवक्ता राजेश गुप्ता ने बताया कि यह घटना 12 मार्च को हुई। पत्नी ममता गुप्ता के मोबाइल पर दोपहर के समय एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताया और केवाईसी अपडेट न होने पर खाता बंद होने का डर दिखाया। झांसे में लेकर ठगों ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और दबाव बनाकर प्रक्रिया पूरी करने को कहा। इसी दौरान शातिरों ने बैंक रिकॉर्ड में दर्ज मूल ईमेल आईडी को बदलकर एक फर्जी आईडी जोड़ दी। 

इसके बाद, जिस खाते में कभी नेट बैंकिंग की सुविधा नहीं थी, उसे अवैध रूप से सक्रिय कर दिया गया। अगले दो दिनों के भीतर ठगों ने ममता गुप्ता के बचत खाते और फिक्स्ड डिपॉजिट को तोड़कर कुल 6.82 लाख रुपये विभिन्न अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके अतिरिक्त 14 मार्च को भी खाते से 7,500 रुपये की निकासी की गई। अधिवक्ता राजेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने तत्काल ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन खातों की तलाश कर रही है जिनमें ठगी की यह बड़ी रकम ट्रांसफर की गई थी।

संबंधित समाचार