रिंकू सिंह समेत 9 खिलाड़ियों को आज मिलेगा लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार, CM योगी देंगे नियुक्तिपत्र

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

19 खिलाड़ियों का एकलव्य क्रीड़ा कोष से होगा सम्मान, 14 अन्य खिलाड़ियों को भी दी जाएगी नकद धनराशि

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार मंगलवार को नौ खिलाड़ियों को वर्ष 2024-25 के लिए लक्ष्मण पुरस्कार व रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार और 19 खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा क्रिकेटर रिंकू सिंह समेत राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय छह पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी के नियुक्तिपत्र भी दिए जाएंगे। लक्ष्मण व रानीलक्ष्मीबाई पुरस्कार में प्रत्येक खिलाड़ी को 3.11 लाख रुपये व कांस्य प्रतिमा दी जाएगी। 14 खिलाड़ियों को 1.64 करोड़ रुपये पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

राजभवन में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतरराष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। झांगझोऊ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य अलीगढ़ के रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के सदस्य गाजीपुर के राजकुमार पाल व पेरिस पैरालंपिक में ऊंची कूद में स्वर्ण पदक जीतने वाले गौतमबुद्धनगर के प्रवीण कुमार को डिप्टी एसपी पद पर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा भाला फेंक में रजत पदक जीतने वाले इटावा के अजीत सिंह, और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता गाजियाबाद की सिमिरन को जिला पंचायत राज अधिकारी पद पर नियुक्ति दी जाएगी। 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया जाएगा।

संबंधित समाचार