चारधाम यात्रा से पहले सेफ्टी का पूरा इंतजाम : हरिद्वार में गिग वर्कर्स कोविशेष ट्रेनिंग, गुरुकुल नारसन मे आधुनिक सूचना केंद्र

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हरिद्वार। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से राज्य परिवहन विभाग ने मंगलवार को हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए "सुरक्षित साथी गिग वर्कर रोड सेफ्टी एवं इमरजेंसी रिस्पांस ट्रेनिंग प्रोग्राम" का आयोजन किया। यह कार्यक्रम शहर के एक निजी होटल में संपन्न हुआ, जिसकी शुरुआत परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्वलित कर की।

परिवहन मंत्री बत्रा ने बड़ा एलान किया कि चारधाम यात्रा के मद्देनज़र राज्य के प्रवेश द्वार गुरुकुल नारसन में एक आधुनिक सूचना केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र पर एआरटीओ कार्यालय भी संचालित होगा, जहां वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ ही ग्रीन कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे यात्रियों और ड्राइवरों को बार-बार रुकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी। 

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सूचना केंद्र पर शौचालय, खानपान सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गिग वर्कर्स जैसे डिलीवरी पार्टनर, कैब ड्राइवर और अन्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। 

साथ ही सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और त्वरित इमरजेंसी रिस्पांस को लेकर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। बत्रा ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं और इससे दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशिक्षित गिग वर्कर्स न केवल खुद सुरक्षित रहेंगे, बल्कि जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भी समय पर सहायता कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें  :
बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के निर्माण कार्य शुरू, मौसम साफ होने के बाद युद्धस्तर पर चल रहा कार्य 

 

 

संबंधित समाचार